अयोध्या: अयोध्या में राम भगवान का दर्शन करने भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। अभी तक उन्हें कोई भी प्रसाद चढ़ाने की या ले जाने की व्यवस्था नहीं थी। लेकिन अब मंदिर प्रशासन ने इसमें बदलाव करने का निर्णय लिया है।
इलायची के दानों का विशेष प्रसाद
भगवान श्रीराम पर इलायची के दानों का प्रसाद चढ़ाया जाता है, यही अब भक्तों को भी मिलेगा। जिसे वह अपने साथ आशीर्वाद के तौर पर ले जा सकेंगे। पिछले कई महीनों से इस बात की मांग की जा रही थी, भक्त भगवान का दर्शन तो करते थे लेकिन उन्हें प्रसाद नहीं मिलता था। इसी में अब संशोधन किया जा रहा है, खबरों के अनुसार शुक्रवार से ही यह व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।
रामलला का प्रसाद कर सकेंगे ऑर्डर
बाहर रहने वाले श्रद्धालु जो मंदिर तक नहीं आ सकते, उनके लिए भी प्रसाद की सुविधा जल्द ही उपलब्ध होने वाली है। मंदिर ट्रस्ट इस प्रक्रिया को पूरा करने पर काम कर रहा है। विदेशियों और देश के अन्य भाग में रहने वाले लोग जल्द ही आर्डर करके प्रसाद अपने घर तक मंगवा सकेंगे। राम मंदिर के भवन निर्माण के साथ-साथ इस तरह के परिवर्तन अयोध्या के पर्यटन और व्यवसाय को भी बढ़ावा देंगे।
लड्डू का भोग लगाने की व्यवस्था भी शुरू करने की बात चल रही है, लेकिन इस पर अभी कोई पुख्ता जानकारी उपलब्ध नहीं है। मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या का पूरा कायाकल्प हो जाएगा। आस्था के साथ-साथ विकास का भी बड़ा केंद्र बनने की ओर यह क्षेत्र अग्रसर है। इससे यहां के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और आसपास की जनता का भी भला होगा।