प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद क्रिकेटर रोहित शर्मा भी मदद के लिए सामने आए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से दी। पूरे देश में कोरोना एक बड़ी समस्या बनकर सामने आया है। ऐसे में सभी की तरफ से छोटी-छोटी मदद देश को मजबूत करेगी। इसी क्रम में भारतीय क्रिकेटर ने अपना हाथ आगे बढ़ाया।
₹45 लाख पीएम केयर फंड में
प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम केयर फंड में लोगों से मदद करने की अपील की। इसी क्रम में भारतीय टीम के उप कप्तान रोहित शर्मा भी सामने आए। उन्होंने पीएम केयर फंड में 45 लाख रुपए की मदद की। इसके साथ ही 25 लाख रुपए महाराष्ट्र सरकार को भी दिए। उनके इस कदम की जमकर तारीफ हो रही है, एक बार फिर मैदान के बाहर भी वह बड़े हीरो साबित हुए हैं। अभी तक देश में लगभग 1200 मामले सामने आए हैं और 30 से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में सभी का घर पर रहना ही सबसे सही उपाय है।
इसके अलावा 5-5 लाख अन्य दो जगहों पर
रोहित शर्मा ने ना सिर्फ पीएम केयर फंड में मदद की, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी उन्होंने भरपूर सहयोग किया। फीलिंग इंडिया को ₹5 लाख और वेलफेयर ऑफ स्ट्रीट डॉग्स को भी ₹5 लाख देकर मानवता की मिसाल पेश की। लोगों के घर में रहने के कारण सड़क पर रहने वाले जानवर भूखे हैं इंसानों के साथ-साथ जानवरों की भी मदद करके रोहित शर्मा सही अर्थों में बड़े दिलवाले साबित हुए हैं।
देश इस समय कोरोनावायरस में सभी से मदद की अपील कर रहा है। अमीर से लेकर गरीब सभी इसमें सामने आ रहे हैं और अपनी क्षमता के अनुसार मदद कर रहे हैं। समाज के लिए यह ऐसा वक्त है जहां सभी को एक दूसरे के लिए सोचना पड़ेगा। यही सोच और एकता देश को मजबूत बनाएगी।