देश में लगातार कोरोना वायरस से स्थिति बिगड़ती जा रही है। स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा सी गई है। ऑक्सीजन के अभाव में लोग दम तोड़ रहे हैं। ऐसे में लगातार सरकार के ऊपर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने ऑक्सीजन की कमी से हो रही मौतों पर सरकार को जिम्मेदार बताया है। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि हमारे देश में ऑक्सीजन की कमी नहीं है उन्होंने कहा कि हम ऑक्सीजन के सबसे बड़े उत्पादक है।
प्रियंका गांधी ने सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार ने कोरोना की स्थिति को देखते हुए भी दोगुना ऑक्सीजन देश के बाहर भेज दी। प्रियंका गाँधी ने सरकार पर सवाल उठाते हुए यह भी कहा कि ऑक्सीजन की कमी से हो रही मौतों का जिम्मेदार कौन है ?
देश की राजधानी के अस्पतालों में भी ऑक्सीजन की समस्या
ऑक्सीजन की कमी को लेकर लगातार जनता और राज्य की सरकारें भी परेशान है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया लगातार केंद्र सरकार से ऑक्सीजन की सप्लाई को बढ़ाने की अपील कर रहे हैं। कल सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए केजरीवाल ने केंद्र सरकार से अपील की थी कि दिल्ली में ऑक्सीजन की सप्लाई बढ़ाई जाए।
साथ ही मनीष सिशोधिया ने भी कहा था कि हमारे यहां अस्पतालों में 8 से 12 घंटे के लिए ही ऑक्सीजन उपलब्ध है ऐसे में अगर दिल्ली में ऑक्सीजन की सप्लाई केंद्र सरकार द्वारा नहीं बढ़ाई गई तो दिल्ली की स्थिति बहुत ही बदतर हो सकती है।
बताते चले कि देश में कोरोना से स्थिति काफी बिगड़ चुकी है। मरीज़ो और मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण से देश में 2023 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि करीब तीन लाख लोग बीते 24 घंटों में कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए है। वही बीते 24 घंटो में करीब एक लाख 68 हज़ार लोग ठीक भी हुए है।