अयोध्या -: रामनगरी अयोध्या में मिशनशक्ति के तहत जब एक छात्रा को पुलिस चौकी की कमान सौंपी गई, तो उसने न केवल केवल चौकी में लोगों की समस्याओं को सुना बल्कि उन समस्याओं की पूरी जानकारी के लिए मौके का मुआयना कर आगे की कार्यवाही के लिए भी आदेशित किया।
मिशनशक्ति के तहत श्री रामेश्वर प्रसाद इण्टर कालेज की बारहवीं की छात्रा कुमारी समीक्षा पाठक को एक दिन के लिए थाना इनायतनगर के अंतर्गत आने वाली शाहगंज चौकी का चौकी इंचार्ज बनाया गया। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जय किशोर अवस्थी ने एक दिन के लिए समीक्षा को चौकी का प्रभार दिया।
निरीक्षण करने भी पहुंची समीक्षा
इस दौरान एक दिन के लिए चौकी प्रभारी बनी छात्रा समीक्षा पाठक पूरी तरह पुलिस की भूमिका में कार्य करती नज़र आई। समीक्षा ने चौकी पर आई करीब दस शिकायतों में आठ का तत्काल निवारण किया। शेष दो शिकायतों के लिए समीक्षा पाठक बतौर चौकी प्रभारी स्थानीय निरिक्षण पर पहुंची। निरिक्षण के पश्चात् समीक्षा ने शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु निरोधात्मक कार्यवाही करने के लिए भी आदेशित किया गया।
एक दिन के लिए पुलिस चौकी की प्रभारी बनकर समीक्षा की ख़ुशी देखने लायक थी। इस दौरान समीक्षा के साथ विद्यालय की प्रधानाचार्य मयूरी तिवारी और प्रबंधक विनोद तिवारी के साथ साथ विद्यालय की और भी छात्राएं मौजूद रही।
मिशनशक्ति की शुरुआत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी। जिसका मकशद महिलाओं को विभिन्न विषयों पर जानकारी देना और उन्हें जागरूक करना है। जिसके तहत अयोध्या जनपद के इनायतनगर थाना क्षेत्र के शाहगंज पुलिस चौकी पर आज पुलिस हेल्पलाइन नम्बरों व साइबर क्राइम के बारे में छात्राओं को जागरूक किया गया।