लखनऊ: यूपी में 2022 का विधानसभा चुनाव नजदीक है, सत्ता में वापसी के लिए अखिलेश यादव जोर लगा रहे हैं। इसी क्रम में वह अपने चाचा शिवपाल यादव से मिलने गए। यह महज मुलाकत ही नहीं रही। इसमें प्रसपा और सपा के बीच गठबंधन का रास्ता भी खुल गया है। अखिलेश यादव ने भी गठबंधन के संकेत दिए हैं।
सपा की विजय रथ यात्रा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जारी है। शुक्रवार को अखिलेश यादव रायबरेली के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने भारी जनसमर्थन के बीच सत्ता में दोबारा वापसी की बात कही। कांग्रेस का मजबूत गढ़ माने जाने वाले रायबरेली में सपा ने हल्ला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता बदलाव करने जा रही है। जनता भाजपा की नीतियों से सहमत नहीं नजर आ रही है, इसीलिए दोबारा सपा पर विश्वास जताया जा रहा है।
शिवपाल से गठबंधन का रास्ता खुलने के बाद सपा एक मोर्चे पर मजबूत नजर आ रही है। हालांकि बीजेपी ने कहा कि सपा कुछ भी कर ले, सरकार तो भाजपा की ही आनी है। गृहमंत्री अमित शाह ने भी लखनऊ में सभा को संबोधित करते हुए 300 से अधिक सीटें जीतने की बात कही।